रायपुर. 28 नवंबर: Chhattisgarhi Rajbhasha Divas: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में हमारी माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और छत्तीसगढ़ की आत्मीयता रची-बसी है।
Chhattisgarhi Rajbhasha Divas: छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का प्रतीक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का प्रतीक है। हमारे लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में छत्तीसगढ़ी की मिठास और आत्मीयता झलकती है। छत्तीसगढ़ी भाषा पीढ़ियों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को सहेजते हुए हमें अपनी जड़ों से जोड़े हुए है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है। हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व करने के साथ ही इसे दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक से अधिक स्थान देना चाहिए।
Chhattisgarhi Rajbhasha Divas: मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर हम सब अपनी मातृभाषा के मान-सम्मान को और बढ़ाने तथा इसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लें, ताकि हमारी भाषा की मिठास और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण बनी रहे।

